
बीकानेर। नगर निकाय चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 63 में सियासी सरगर्मी तेज है। भाजपा के पार्षद प्रत्याशी किशन चौधरी ने वार्ड के विकास को लेकर अपना विजन साझा किया। उन्होंने कहा कि उनका पहला लक्ष्य वार्ड को आदर्श और स्वस्थ वार्ड बनाना होगा।
किशन चौधरी ने कहा कि वार्ड में सीवरेज, नाली, सफाई और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने कहा कि पार्षद का पद करीब डेढ़ साल से रिक्त होने के कारण कुछ समस्याएं लंबित हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करवाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने अपने पूर्व कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वे वर्ष 2004 से 2008 तक वार्ड पार्षद रह चुके हैं और उस दौरान किए गए कार्यों का असर आज भी क्षेत्र में दिखाई देता है। उन्होंने दावा किया कि वार्ड के मतदाताओं में उनके प्रति संतोष है और वे जनता के बीच रहकर लगातार काम करने में विश्वास रखते हैं।
अधूरे कार्यों को लेकर उन्होंने कहा कि गुजरों की मस्जिद से बड़े बाजार तक सीवरेज लाइन का काम महत्वपूर्ण है, जिससे वार्ड की कई गलियों को सीवरेज व्यवस्था से जोड़ा जा सकेगा। इसके अलावा लाइट और पानी की समस्याओं के समाधान तथा वाटर बॉक्स की लाइनों से जुड़ी दिक्कतों को दूर करवाने की बात भी उन्होंने कही।
किशन चौधरी ने मतदाताओं से सक्रिय और जनता के बीच रहने वाले पार्षद का चुनाव करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्षद ऐसा होना चाहिए जो प्रशासन के स्तर पर प्रभावी ढंग से क्षेत्र के काम करवा सके।
महापौर के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह निर्णय पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, दोनों विधायकों और सांसद अर्जुन राम मेघवाल सहित नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आगामी मतगणना के बाद बीकानेर में भाजपा का बोर्ड बनने की पूरी संभावना है।
