खेत में घुसाकर डंपर चढ़ाने का आरोप, एक की मौत; महिला गंभीर घायल

Blog
Spread the love
https://https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2026/05/WhatsApp-Image-2026-05-30-at-2.27.10-PM-1.jpeghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.png

बीकानेर। गजनेर थाना क्षेत्र में रंजिश के चलते डंपर से कुचलने का मामला सामने आया है। घटना में पूनमाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी पूनम देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला का पीबीएम अस्पताल बीकानेर में इलाज जारी है।

 

पुलिस के अनुसार, सुरजड़ा निवासी जेठाराम ने 21 सितंबर को रिपोर्ट दी कि 20 सितंबर को उसकी 15-16 बकरियां खेत के बाहर चर रही थीं। आरोप है कि डेह निवासी बाबूलाल पुत्र किसनाराम नायक उन्हें रोककर ले जा रहा था। इस बात को लेकर जेठाराम के पिता पूनमाराम और खेत मालिक सुरेंद्र कुमार ने उसे उलाहना दिया। आरोप है कि बाबूलाल ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।

 

रिपोर्ट के मुताबिक, अगले दिन 21 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे आरोपी डंपर लेकर किशनायत की रोही स्थित खेत में पहुंचा और ढाणी के बाहर चारपाई पर सो रहे पूनमाराम व पूनम देवी पर डंपर चढ़ा दिया। हादसे में पूनमाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पूनम देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

 

आरोप है कि इसके बाद डंपर ने ढाणी के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और उसे करीब 250 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। आरोपी मौके से फरार हो गया।

 

जेठाराम के अनुसार, वह घायल मां के इलाज के लिए साधन लेने एनएच-11 की ओर गया तो आरोपी वापस डेह की तरफ से आया और डंपर से उसे कुचलने का प्रयास किया। जेठाराम ने कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि उसकी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।

 

पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर गजनेर थाने में मुकदमा नंबर 130, दिनांक 21 सितंबर 2026 दर्ज कर धारा 103(1), 109(1), 329(3), 324(5), 351(3) और 303(2) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।