

बीकानेर। पुलिस मुख्यालय की ओर से वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पांचू थाना पुलिस ने एक माह से अधिक समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी आपराधिक मानव वध के प्रयास की श्रेणी के मामले में वांछित थे और पुलिस की टॉप-10 सूची में शामिल थे।
कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा आरपीएस के निर्देशन में की गई। पुलिस उप अधीक्षक नोखा जरनैलसिंह एवं थानाधिकारी पांचू ईश्वर प्रसाद के निकट सुपरविजन में सहायक उप निरीक्षक संतोषनाथ मय टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने मुलाराम (35) निवासी काहिरा, थाना पांचू और लालूराम (68) निवासी काहिरा, थाना पांचू को गिरफ्तार किया है।
खेत में घुसकर मारपीट का आरोप
पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को परिवादी रामलाल निवासी काहिरा ने थाना पांचू में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि खेत पड़ोसी लालूराम, मुलाराम, शैराराम और रूपाराम एक राय होकर लाठियां लेकर ट्रैक्टर से उसके खेत में घुस आए और जबरन खेती करने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों द्वारा लाठी, जई और कुल्हाड़ी से मारपीट करने का आरोप है। घटना में परिवादी के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। रिपोर्ट में परिवादी की पत्नी के साथ बदसलूकी, जमीन पर पटकने और छीना-झपटी करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए।
मामले में थाना पांचू पर प्रकरण संख्या 178/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
