
बीकानेर/पूगल, 28 अप्रैल।राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण अंचलों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किए गए ग्राम रथ अभियान के तहत मंगलवार को खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों के लिए पूगल पंचायत समिति परिसर से ग्राम रथों को रवाना किया गया। खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक डॉ. मेघवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर संचालित यह अभियान ग्रामीण जनता के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए ग्राम रथ अभियान एक सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें और योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने जनसुनवाई भी की, जिसमें ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं और मांगें रखीं। विधायक ने प्राप्त प्रकरणों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अभियान के प्रथम दिन ग्राम रथ पूगल, कुम्हारवाला, गंगाजली, रामड़ा, मैकरी एवं आडूरी सहित विभिन्न गांवों में पहुंचे, जहां राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ रात्रि चौपालों का आयोजन भी किया गया, जिससे आमजन सीधे संवाद कर सके।
इस दौरान उपखंड अधिकारी दिव्या बिश्नोई, विकास अधिकारी गोपाराम मेघवाल, तहसीलदार अशोक पारीक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्राम रथ अभियान के जरिए ग्रामीण विकास को नई गति देने की दिशा में सरकार का यह प्रयास क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का आधार बन रहा है।
