
बीकानेर, राजस्थान:
बीकानेर जिले के जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस थाना में 27 अप्रैल 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री बनवारी लाल मीणा (आरपीएस) द्वारा वार्षिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना स्टाफ ने गार्ड इंचार्ज हेड कांस्टेबल अशोक कुमार के नेतृत्व में उन्हें सलामी दी। इसके बाद एएसपी ग्रामीण द्वारा थाने में दर्ज मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी श्री विक्रम तिवाड़ी तथा अनुसंधान अधिकारियों के साथ अपराध गोष्ठी आयोजित कर मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रावधानों के अनुसार जांच पूरी करने के निर्देश देते हुए लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही कम्यूनिटी लायजनिंग ग्रुप, शांति समिति, सुरक्षा सखी और ग्राम रक्षकों की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में एएसपी ने सभी सदस्यों को उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए अपराध रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। आमजन से भी सुझाव लिए गए और अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आह्वान किया गया।
इस दौरान जिले में चल रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ की जानकारी देते हुए अवैध नशा व मादक पदार्थों के खिलाफ सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के निर्देश दिए गए। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई।
