पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री आर.के. दास गुप्ता के निधन पर केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने जताया शोक*

Blog
Spread the love
https://https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2026/05/WhatsApp-Image-2026-05-30-at-2.27.10-PM-1.jpeghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.png

 

बीकानेर, 27 अक्टूबर। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक, राजस्थान बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री रामकृष्ण दास गुप्ता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि श्री आर.के. दास गुप्ता का निधन राजस्थान के अधिवक्ता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वे राजस्थान के सभी अधिवक्ताओं की बुलंद आवाज थे। उनका संपूर्ण जीवन समाज कल्याण, जनसेवा और न्याय की स्थापना के लिए समर्पित रहा।

 

श्री दास गुप्ता मूल्य आधारित राजनीति के जीवंत प्रतीक थे। वे निर्भीक, साहसी और दृढ़ इच्छाशक्ति वाले व्यक्तित्व के धनी थे तथा उन्होंने उच्च नैतिक मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने वकालत के पेशे की गरिमा और मान-सम्मान को बढ़ाया। 50 वर्ष से अधिक के अपने लंबे कानूनी सफर में उन्होंने समाज के न्याय वंचित समुदायों के लोगों को न्याय सुलभ कराने के लिए उल्लेखनीय कार्य किया। वे बीकानेर में वकीलों के लिए बने नए न्यायालय भवन के मुख्य शिल्पकार भी थे।

 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि श्री आरके दास गुप्ता सदैव जनसमस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहते थे। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाने पर उन्हें 19 महीने तक जेल की सजा काटनी पड़ी। जेल में रहते हुए भी वे समाज और आमजन के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्षरत रहे। वर्ष 1977 में श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने जाने के बाद उन्होंने कुछ समय पश्चात उच्च नैतिक मूल्यों के लिए अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

 

उन्होंने कहा कि श्री दास गुप्ता का जीवन ईमानदारी, संघर्षशीलता और उच्च नैतिक आदर्शों का प्रतीक था। उनका जीवन युवाओं और अधिवक्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

 

केंद्रीय मंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत पुण्यात्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा परिजनों, समर्थकों और प्रशंसकों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।