लूणकरणसर क्षेत्र को करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात, मंत्री सुमित गोदारा ने किए लोकार्पण व शिलान्यास

Blog
Spread the love
https://https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2026/05/WhatsApp-Image-2026-05-30-at-2.27.10-PM-1.jpeghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.png

बीकानेर, 30 जुलाई। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने गुरुवार को लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में करोड़ों रुपये की लागत से हुए विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान डांडूसर, जगदेववाला, दाउदसर, लालसर आंकड़ेवाला तथा जामसर क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया।

 

सुमित गोदारा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सीमावर्ती और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इसी सोच के अनुरूप जामसर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, बेहतर सड़क संपर्क, खेल सुविधाओं के विकास तथा सामुदायिक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

 

डांडूसर में 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे लोगों को अपने गांव के निकट बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। इसके बाद जगदेववाला में उप स्वास्थ्य केंद्र की चारदीवारी, सार्वजनिक श्मशान भूमि में कमरा निर्माण तथा चारदीवारी विस्तार सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।

 

दाउदसर में जामसर-दाउदसर सड़क तथा लालसर आंकड़ेवाला में जामसर-लालसर-दाउदसर सड़क के नवीनीकरण कार्यों के लोकार्पण के दौरान गोदारा ने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होता है। बेहतर सड़कें आवागमन के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को भी आसान बनाती हैं।

 

जामसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक भवन, स्टेडियम विकास, ग्राम पंचायत परिसर में मीटिंग हॉल, श्मशान भूमि विकास, सीसी सड़क, विद्यालय एवं स्वास्थ्य केंद्र में हॉल निर्माण सहित अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने के लिए गांव-गांव में विकास कार्य किए जा रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि “विकसित लूणकरणसर, शिक्षित लूणकरणसर” के लक्ष्य को लेकर क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। आने वाले समय में भी जनआकांक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों की गति और तेज की जाएगी, ताकि प्रत्येक नागरिक को बेहतर जीवन स्तर और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

 

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पूर्व सरपंच, प्रशासक तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।