

बीकानेर मंडल पर संरक्षित एवं सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, बीकानेर के सभागार में मुख्य लोको निरीक्षकों (CLIs) की मंडल स्तरीय संरक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कोहरे के मौसम में सुरक्षित रेल संचालन के लिए निर्धारित नियमों, सावधानियों एवं गति संबंधी निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने तथा रनिंग कर्मचारियों की नियमित काउंसलिंग करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही SPAD (सिग्नल पास्ड एट डेंजर) की घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने एवं कर्मचारियों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ट्रेन संचालन के दौरान रनिंग कर्मचारियों की नियमित इन-रूट BA (ब्रेथ एनालाइजर) टेस्टिंग, यार्ड में मुख्य लोको निरीक्षकों द्वारा GDR (खड़े रेक को चलाने से पूर्व जांच करना) तथा नियमित रूप से Ambush Check (अचानक चेक करना)करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों की कार्यप्रणाली एवं निर्धारित संरक्षा नियमों के पालन की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि संरक्षा एवं सुरक्षित रेल संचालन की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाए, ताकि अन्य रेलकर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिल सके।
इस दौरान सभी मुख्य लोको निरीक्षकों से अपेक्षा की गई कि वे अपने अधीन कार्यरत रनिंग कर्मचारियों में संरक्षा के प्रति जागरूकता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करें तथा सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल, अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेन्द्र सिंह चौधरी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर/टीआरओ महाराज सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश, सहायक मंडल यांत्रिक इंजीनियर सहित मंडल की सभी लॉबी से मुख्य लोको निरीक्षक सहित अनेक रेलकर्मी उपस्थित रहे उपस्थित रहे।
