

जेएनवीसी थाना क्षेत्र में फॉरच्यूनर गाड़ी का पीछा कर उसमें सवार लोगों की हत्या के प्रयास के चर्चित मामले में पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी राजवीर पारीक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी के भय से फरार चल रहा था, जिसे रविवार को रंगौली इन्क्लेव क्षेत्र से दस्तयाब किया गया।
पुलिस के अनुसार 10 फरवरी 2026 को परिवादी रतिराम जाट निवासी तिलक नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बाला भाट, विष्णु बांगुड़ा, संतोष बिश्नोई एवं श्रवण कुकणा ने दो क्रेटा कारों से फॉरच्यूनर गाड़ी का पीछा कर उसमें टक्कर मारते हुए उसमें सवार लोगों की हत्या का प्रयास किया। इस संबंध में जेएनवीसी थाने में मुकदमा संख्या 22/2026 विभिन्न धाराओं में दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदूल कच्छावा (आईपीएस) तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारी लाल मीणा के निर्देशन में गठित टीम ने इससे पहले मामले के आरोपी संतोष बिश्नोई, श्रवण कुकणा, विष्णु बांगुड़ा एवं देवानंद उर्फ बाला भाट को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार एवं गेटवे वाहन (आरजे-07-सीबी-8529) भी जब्त किए जा चुके हैं।
मामले में फरार चल रहे 25 वर्षीय राजवीर पारीक पुत्र जगदीश पारीक, निवासी मुरलीधर व्यास कॉलोनी (हाल आर.के. पुरम इन्क्लेव, जयपुर रोड, बीकानेर) पर पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस ने उसे दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से मामले में आगे अनुसंधान जारी है।
