

बीकानेर। पंचायतीराज चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के उद्देश्य से नोखा थाना पुलिस ने एहतियाती कार्रवाई करते हुए छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा तथा वृताधिकारी नोखा जरनेल सिंह के निकट सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
नोखा थानाधिकारी गोविन्द सिंह चारण के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की। पुलिस ने शांति भंग की आशंका के चलते छह व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि पंचायतीराज चुनाव के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियाती कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
