


बीकानेर। पुलिस मुख्यालय जयपुर के विशेष अभियान के तहत बीकानेर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के निस्तारण की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2025 के 14 आबकारी मामलों में जब्त 4,030.915 लीटर अवैध देशी शराब, अंग्रेजी शराब और बीयर को विधिक प्रक्रिया के तहत नष्ट कराया।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ तथा वृत्ताधिकारी गंगाशहर हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में पुलिस निरीक्षक कविता पुनिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
5 अगस्त 2026 को थाना नापासर पुलिस ने आबकारी विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर विभाग की निस्तारण टीम की मौजूदगी में जब्त शराब का विधिवत निस्तारण कराया।
थाना नापासर से सीलशुदा जब्त माल को सुरक्षित वाहन से पाण्डरिया तलाई (नापासर) ले जाया गया। वहां जेसीबी मशीन की सहायता से गहरा गड्ढा खोदकर आबकारी नियमों और कानूनी प्रावधानों के अनुसार पूरी शराब को नष्ट कर मिट्टी में दबा दिया गया।
नष्ट की गई शराब का विवरण:
– देशी शराब: 12,667 पव्वे एवं हाफ-पव्वे
– अंग्रेजी शराब: 1,836 पव्वे, 156 हाफ-पव्वे एवं 691 बोतलें
– बीयर: 161 बोतलें
इन सभी की कुल जब्त मात्रा 4,030.915 लीटर रही। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
