

बीकानेर। आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा और दीपावली पर्व को देखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने और अतिक्रमण हटाने को लेकर यातायात पुलिस एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाजारों में लगने वाले जाम, फुटपाथ पर सामान रखकर बेचने तथा नो-पार्किंग जोन में वाहनों को खड़ा करने से आमजन को होने वाली परेशानी पर चर्चा की गई।
बैठक में रेलवे स्टेशन रोड, लालजी होटल रोड, सट्टा गली, कस्टम पॉइंट, कोटगेट दरवाजा, दाऊजी रोड, केईएम रोड, भैरूजी गली, फड़ बाजार और खजांची मार्केट सहित प्रमुख बाजारों की यातायात व्यवस्था पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के बाद यातायात शाखा प्रभारी पुलिस निरीक्षक श्री कानाराम एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने स्टेशन रोड, सट्टा गली, कोटगेट दरवाजा और केईएम रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को दुकानों के आगे तथा फुटपाथ पर रखा सामान हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में सड़क या फुटपाथ पर सामान रखकर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार राजस्थान पुलिस अधिनियम की धारा 60 के तहत कार्रवाई करते हुए सामान जब्त किया जा सकता है।
वहीं, स्टेशन रोड, कोटगेट दरवाजा और फड़ बाजार के आसपास टैक्सियों के खड़े रहने से यातायात बाधित होने की समस्या को देखते हुए टैक्सी चालकों को निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करने की समझाइश दी गई। नियमों की अवहेलना करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
पुलिस प्रशासन ने दुकानदारों से फुटपाथ खाली रखने, सड़क पर सामान नहीं फैलाने तथा दोपहिया वाहन चालकों से नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। अभियान के तहत कोटगेट थाना पुलिस, यातायात शाखा और नगर निगम बीकानेर की सतर्कता टीम संयुक्त रूप से सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करेगी।
त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन का उद्देश्य आमजन को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात उपलब्ध कराना है। अब देखना होगा कि संयुक्त अभियान से शहर के प्रमुख बाजारों में जाम और अतिक्रमण की समस्या पर कितना प्रभावी नियंत्रण हो पाता है।
