

संविधान दिवस के अवसर बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के प्रांगण में गुरुवार को 77 वां संविधान दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल की उपस्थिति में शाखा अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान के आदर्शों, मूल्यों एवं लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया।
कार्यक्रम के दौरान संविधान की उद्देशिका के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान में निहित मूलभूत आदर्शों, समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व की भावना को आत्मसात करने तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया गया।
रेल कर्मियों में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा संवैधानिक मूल्यों को कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने के लिए विभिन्न नवाचारों का उपयोग किया गया । इसी क्रम में मंडल पर संविधान दिवस के अवसर पर ‘भारतीय संविधान : समानता का अधिकार, भारतीय रेलवे और समावेशी विकास की यात्रा’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें रेल कर्मियों ने उत्साहित होकर बड़ी संख्या में भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से रेल कर्मचारियों को संविधान में प्रदत्त समानता के अधिकार, सामाजिक समरसता तथा भारतीय रेलवे की समावेशी विकास में भूमिका पर अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिला।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेन्द्र जोशी, मंडल सुरक्षा आयुक्त बी पी कुशवाहा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (दक्षिण) अमन अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अजय सिंह सेंगर, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गाँधी सहित रेलवे के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस आयोजन का उद्देश्य रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के प्रति जागरूक करना तथा अपने कार्यों एवं दायित्वों के निर्वहन में संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
