
ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नापासर पुलिस की कार्रवाई, स्विफ्ट कार भी जब्त
बीकानेर। नशा मुक्त भारत अभियान को प्रभावी बनाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस थाना नापासर की टीम ने भारतमाला रोड (अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेसवे) पर चेकिंग के दौरान एक स्विफ्ट कार से 50 किलो 630 ग्राम अवैध डोडा पोस्त छिलका बरामद किया। पुलिस ने कार में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 26 अक्टूबर 2026 को रोही नौरंगदेसर के पास एनएच-11 रोड के नजदीक भारतमाला रोड पर जोधपुर की तरफ से नौरंगदेसर की ओर उतरने वाली सर्विस रोड पर की गई। पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध स्विफ्ट कार की तलाशी ली गई, जिसमें चालक रमेश कुमार और उसके साथ बैठे शिवदयाल के कब्जे से अवैध डोडा पोस्त छिलका बरामद हुआ।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय जयपुर के एक दिवसीय विशेष अभियान तथा बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और वृत्ताधिकारी गंगाशहर प्रहलाद राय के निकट सुपरविजन में नापासर थाना प्रभारी कविता पूनिया ने पुलिस टीम के साथ यह कार्रवाई की। मामले में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आगे की जांच गंगाशहर थानाधिकारी गणेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस मामले में विस्तृत अनुसंधान कर रही है।
