

बीकानेर, 29 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में मिशन पढ़ो राजस्थान के अंतर्गत रीडिंग प्रमोशन कैंपेन-2026 एवं निःशुल्क यूनिफॉर्म राशि के डीबीटी का राज्य स्तरीय समारोह बुधवार को भरतपुर के खेड़ली गुर्जर स्थित बालिका सैनिक स्कूल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान रीडिंग प्रमोशन कैंपेन-2026 का पोस्टर विमोचन कर अभियान का शुभारंभ किया गया। साथ ही प्रदेश के 40 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में 250 करोड़ रुपए की निःशुल्क यूनिफॉर्म राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 680 करोड़ रुपए की लागत से विद्यालय भवन, छात्रावास एवं लैब निर्माण कार्यों का शिलान्यास, 11.07 करोड़ रुपए की छात्रावास निर्माण परियोजनाओं का लोकार्पण, विशेष आवश्यकता वाले 10 हजार 500 विद्यार्थियों को व्हीलचेयर वितरण तथा निपुण कैलेंडर का विमोचन भी किया।
*बीकानेर जिले में 76 हजार विद्यार्थियों को मिला लाभ*
निःशुल्क यूनिफॉर्म राशि डीबीटी कार्यक्रम के अंतर्गत बीकानेर जिले के पात्र 76 हजार विद्यार्थियों के खातों में 7 करोड़ 64 लाख रुपए जमा करवाए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम बीकानेर के रवीन्द्र रंगमंच में आयोजित हुआ, जहां राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण किया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अधिकारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
*मुख्यमंत्री ने बीकानेर के छात्र जगन्नाथ छंगाणी से किया संवाद*
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने विभिन्न जिलों के विद्यार्थियों से संवाद किया। इसी क्रम में उन्होंने बीकानेर के राजकीय मोहता मूलचंद उच्च माध्यमिक विद्यालय के राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी में स्वर्ण पदक विजेता छात्र श्री जगन्नाथ छंगाणी से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने उनसे खेल और पढ़ाई में संतुलन बनाए रखने के अनुभव साझा करने को कहा तथा विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “इच्छाशक्ति मजबूत हो तो न पढ़ाई में खेल बाधा बनता है और न खेल में पढ़ाई।” उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल एवं शिक्षा दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संदेश दिया।
राज्य स्तरीय समारोह में शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर, गृह राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेडम, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।वहीं जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, श्रीमती सुमन छाजेड़, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री महेंद्र शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) श्री रामगोपाल शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) श्री के.डी. चारण, संयुक्त निदेशक श्रीमती सुनीता चावला सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में मंच संचालन श्री ज्योति प्रकाश रंगा और श्री चण्डी दान किनीया ने किया।
