

बीकानेर। ग्रामीण सेवा शिविर–2026 के तहत ग्राम पंचायत कालू (लूणकरणसर) में आयोजित शिविर एक जरूरतमंद परिवार के लिए राहत का माध्यम बन गया। शिविर में पहुंचे शंकरलाल मेघवाल ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (एनएफएसए) का लाभ नहीं मिलने की समस्या उपखंड अधिकारी के समक्ष रखी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपखंड अधिकारी दयानंद रुयल ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रवर्तन अधिकारी मनीष अवस्थी ने मौके पर ही आवेदन और दस्तावेजों का परीक्षण कर आवश्यक तकनीकी एवं विभागीय औपचारिकताएं पूरी कीं।
त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप शंकरलाल मेघवाल का राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (एनएफएसए) में नाम स्वीकृत कर दिया गया। इसके साथ ही उनका परिवार अब प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत निःशुल्क राशन प्राप्त करने का पात्र बन गया।
लाभ मिलने पर शंकरलाल मेघवाल ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी समस्या का समाधान शिविर में ही इतनी शीघ्र हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अब उनके परिवार को नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध हो सकेगा, जिससे आर्थिक राहत मिलेगी।
