

बीकानेर। पांचू थाना पुलिस ने एटीएम कैश वैन से 51 लाख रुपये की लूट के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 46 लाख रुपये की लूटी गई नकदी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा आरपीएस के निर्देशन में की गई। पुलिस उप अधीक्षक नोखा जरनैलसिंह के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी पांचू ईश्वर प्रसाद पूनिया की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
मामले में पुलिस ने श्यामसुन्दर (20) निवासी स्वरूपसर और विक्रमसिंह (23) निवासी चरकड़ा, हाल बाबा छोटूनाथ कॉलोनी नोखा को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय से 7 दिन के पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 5 अगस्त 2026 को सीएमएस इंफो सिस्टम लिमिटेड की टीम नकदी लेकर सारूण्डा जा रही थी। सारूण्डा से करीब 5-7 किलोमीटर पहले बिना नंबर की कैंपर गाड़ी में सवार बदमाशों ने कैश वैन को रोक लिया। आरोप है कि हथियार दिखाकर कर्मचारियों को धमकाया गया और कैश बॉक्स समेत करीब 51 लाख रुपये लूटकर आरोपी फरार हो गए।
मामले में थाना पांचू पर प्रकरण संख्या 225/2026, धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने 11 अगस्त को आरोपियों की निशानदेही पर गांव दावा की रोही से 46 लाख रुपये बरामद किए। फिलहाल आरोपियों से वारदात में शामिल अन्य लोगों और लूटी गई शेष राशि के संबंध में पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
