

अनुशासित वाणी न्यूज़,बीकानेर। नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। इसी बीच बीकानेर महापौर सुशीला कंवर ने अपने कार्यकाल के दौरान शहर और अपने वार्ड में किए गए विकास कार्यों को लेकर अपनी उपलब्धियां गिनाईं।
सुशीला कंवर ने कहा कि उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियों में इंद्र कॉलोनी की मुख्य सड़क का चौड़ीकरण शामिल है। उन्होंने बताया कि पहले यह सड़क करीब 10 से 15 फीट चौड़ी थी, जिसे अब लगभग 60 फीट तक चौड़ा किया गया है।
उन्होंने अपने वार्ड को स्वच्छ और साफ-सुथरा वार्ड बताते हुए कहा कि क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट सहित विभिन्न विकास कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने सीवरेज व्यवस्था, अमृत योजना के तहत हुए कार्यों, एमआरएस सेंटर, एसटीपी सेंटर और अग्निशमन केंद्रों को भी अपने कार्यकाल की उपलब्धियों में शामिल किया।
महापौर ने कहा कि उनके कार्यकाल में सभी पार्षदों को समान रूप से बजट उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया और बिना भेदभाव के विकास कार्य करवाए गए।
वार्डवासियों से मांगा फिर आशीर्वाद
अपने वार्ड की जनता से अपील करते हुए सुशीला कंवर ने कहा कि जिस तरह पिछली बार वार्डवासियों ने उन्हें बहन-बेटी समझकर अपना आशीर्वाद दिया, उसी तरह इस बार भी उनका समर्थन मिले। उन्होंने कहा कि वार्ड में यदि कहीं कोई कमी रह गई है तो उसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने ‘डिजिटल वार्ड’ और ‘डिजिटल बोर्ड’ की दिशा में काम करने की बात भी कही।
भाजपा बोर्ड को लेकर जताया भरोसा
जब उनसे पूछा गया कि क्या इस बार भी बीकानेर में भाजपा का बोर्ड बनने की उम्मीद है, तो उन्होंने कहा कि स्थानीय चुनावों में मुख्य मुद्दा स्थानीय समस्याएं होती हैं। उनके अनुसार पार्षद वह व्यक्ति होता है जो आम जनता की समस्याएं सुनकर उनका समाधान करवाए और सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहे।
सुशीला कंवर ने विश्वास जताया कि भाजपा के पार्षद बड़ी संख्या में चुनाव जीतकर आएंगे और पार्टी का बोर्ड बनाने में सफल होंगे।
