

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित, 22 नवंबर को चलेगा पल्स पोलियो अभियान
मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना में बीकानेर जिला लगातार 55 माह से राज्य में प्रथम
बीकानेर, 18 नवंबर। जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक बैठक बुधवार को जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
इस दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि पुख्ता मॉनिटरिंग और संवेदनशीलता के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच अंतिम छोर तक सुनिश्चित करने के साथ इसकी गुणवत्ता भी बनाए रखी जाए। उन्होंने मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम, टीबी मुक्त भारत अभियान, विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों तथा राज्य सरकार की महत्त्वाकांक्षी मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना और मां वाउचर योजना सहित समस्त स्वास्थ्य योजनाओं की ब्लॉकवार समीक्षा की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध व पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ बीसी घीया सहित जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए घर-घर करें सर्वे
मौसम में आए बदलाव के मद्देनजर जिला कलेक्टर ने डेंगू, मलेरिया और वायरल बुखार से पीड़ित रोगियों को अस्पतालों में सहज चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे रोगियों की पहचान के लिए घर-घर सर्वे करते हुए सक्रियता से रोग नियंत्रण गतिविधियां संचालित की जाएं। उन्होंने प्रत्येक अस्पताल में राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी (आरएमआरएस) की बैठक को महत्वपूर्ण बताते हुए शत-प्रतिशत बैठकों का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे अस्पतालों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनी रहे। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत अधिकाधिक आमजन को लाभान्वित करने तथा योजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए भी संवेदनशीलता से कार्य करने को कहा।
मातृ-शिशु स्वास्थ्य और टीकाकरण पर विशेष जोर
जिला कलेक्टर ने एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत प्रत्येक बच्चे को आयरन की गोली उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनवरी से शुरू होने वाले एनीमिया मुक्त भारत 2.0 के लिए पुख्ता तैयारी और प्रशिक्षण करवाने को कहा
एएनसी पंजीकरण बढ़ाने तथा प्रत्येक गर्भवती महिला की चार गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बच्चों के नियमित टीकाकरण का स्तर वर्तमान 93 प्रतिशत से बढ़ाकर आगामी एक माह में 95 प्रतिशत तथा इसके बाद शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए। हाई रिस्क प्रेग्नेंसी का सक्रियता से चिन्हीकरण करते हुए प्रत्येक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को लेने के लिए कहा।
एचपीवी टीकाकरण के विशेष अभियान के दौरान हुई प्रगति की सराहना करते हुए जिला कलेक्टर ने वर्षांत तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए, जिससे प्रत्येक किशोरी को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान की जा सके।
बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, पीबीएम अस्पताल उप अधीक्षक डॉ. गौरी शंकर जोशी, जिला टीबी अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर मोदी, आरसीएचओ डॉ. भवानी शंकर गहलोत, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र तनेजा, डॉ. लोकेश गुप्ता सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक के साथ ही आगामी 22 नवंबर को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की जिला टास्क फोर्स बैठक भी आयोजित की गई। इसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ विभिन्न विभागों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। आरसीएचओ डॉ. भवानी शंकर गहलोत ने अभियान के लक्ष्यों एवं उपयोगिता की जानकारी दी।
जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने कहा कि पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में बीकानेर जिले में पूरी सतर्कता के साथ अभियान संचालित किया जाए तथा पांच वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद पिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग को पल्स पोलियो बूथ वाले विद्यालय रविवार को खुले रखने तथा विद्युत विभाग को अभियान के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए।
*निशुल्क दवा योजना में 55 माह से प्रदेश में प्रथम बीकानेर*
मुख्यमंत्री निशुल्क निरोगी राजस्थान दवा योजना के अंतर्गत जिला लगातार 55 माह से राज्य में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने इस उपलब्धि पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध तथा योजना प्रभारी डॉ. नवल किशोर गुप्ता को बधाई दी।
उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चिकित्सा संस्थानों को भी सम्मानित किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राणेर दामोलाई, द्वितीय स्थान के लिए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंबर 5 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कक्कू के प्रभारियों एवं संबंधित ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
