

बीकानेर। माल गोदाम रोड रेलवे कॉलोनी में युवक पर जानलेवा हमला कर उसे अधमरी हालत में नाले के पास छोड़कर जाने के मामले में कोटगेट थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को नामजद कर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि को अज्ञात आरोपियों ने भोमराज पर जानलेवा हमला कर उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसे नग्न अवस्था में माल गोदाम रोड रेलवे कॉलोनी में नाले के पास मरा हुआ समझकर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। मामले में भोमराज के पिता नरेश कुमार मेघवाल निवासी गाढ़वाला, थाना नापासर की रिपोर्ट पर 13 नवंबर को कोटगेट थाने में प्रकरण संख्या 261/2026 भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 115(2), 126(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और वृताधिकारी नगर अनुज डाल के सुपरविजन में थानाधिकारी कोटगेट विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कानाराम (20) पुत्र पेमाराम मेघवाल निवासी मेघवालों का मोहल्ला, गाढ़वाला तथा देवप्रकाश (21) पुत्र स्वर्गीय जेठाराम मेघवाल निवासी मेघवालों का मोहल्ला, सामुदायिक भवन के पास, गाढ़वाला के रूप में हुई है।
पुलिस दोनों आरोपियों से वारदात के संबंध में विस्तृत पूछताछ और अनुसंधान कर रही है। वहीं, हमले में घायल भोमराज अभी भी पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर स्थित आईसीयू में भर्ती है और वेंटिलेटर पर है।
पुलिस के अनुसार, अज्ञात आरोपियों को नामजद करने में सहायक उपनिरीक्षक प्रवीण वैष्णव की अहम भूमिका रही। कार्रवाई में उपनिरीक्षक गौरव बोहरा, सहायक उपनिरीक्षक प्रवीण वैष्णव, राधेश्याम, हेड कांस्टेबल कपिल (99), अमृतलाल (124), कांस्टेबल संजय (492) और नरेश कुमार (1290) शामिल रहे।
