

बीकानेर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन नीलकंठ के तहत रणजीतपुरा थाना पुलिस ने 34.305 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामदगी के मामले में खरीददार आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर 2025 को तत्कालीन बज्जू थाना पुलिस ने बिना नंबर की पिकअप गाड़ी की तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान गाड़ी से कुल 34.305 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने पिकअप गाड़ी और डोडा पोस्त जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। मामले की जांच रणजीतपुरा थाना पुलिस को सौंपी गई।
ऑपरेशन नीलकंठ के तहत बीकानेर रेंज महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा के निर्देशन तथा कोलायत वृत्ताधिकारी जयपालसिंह के निकट सुपरविजन में रणजीतपुरा थानाधिकारी जगदीशसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने डोडा पोस्त के खरीददार आरोपी सदाम हुसैन पुत्र हबीब खां, उम्र 29 वर्ष, निवासी बांगड़सर, थाना बज्जू, जिला बीकानेर को गिरफ्तार किया। आरोपी से अवैध डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
मामले में पहले भी हुई गिरफ्तारियां:
पुलिस के मुताबिक, अनुसंधान के दौरान मौके से फरार आरोपी विकास पुत्र ईम्मीलाल, निवासी बज्जू खालसा, थाना बज्जू को 10 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं डोडा पोस्त के सप्लायर वांछित आरोपी प्रेमकुमार पुत्र जगमालराम, निवासी मोडायत, थाना बज्जू को 3 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ। मामले में आगे अनुसंधान जारी है।
