

मंडल रेलवे अस्पताल, (लालगढ) के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. असीम कुमार के निर्देशन में लालगढ़ एवं आयुर्वेद जिला अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 10.09.26 से 22.09.26 तक आयुर्वेद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल के विभिन्न कार्यस्थलों, जिनमें मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, वर्कशॉप लालगढ़, कैरेज एवं वैगन बीकानेर तथा मंडल रेलवे अस्पताल लालगढ़ शामिल हैं, में आयोजित इन कार्यक्रमों के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को आयुर्वेद की उपयोगिता एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में विभिन्न कार्यस्थलों पर आयुर्वेद संबंधी सेमिनार आयोजित किए गए। इनमें आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति, स्वास्थ्य संरक्षण एवं दैनिक जीवन में आयुर्वेद के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इसके पश्चात आयुर्वेद संबंधी स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए, जिनमें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इन कार्यक्रमों से 419 से अधिक अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके आश्रित लाभान्वित हुए।
आयुर्वेद विभाग की ओर से डॉ. राधेश्याम, अतिरिक्त निदेशक, आयुर्वेद विभाग, संभाग बीकानेर, डॉ. पवन कुमार पारीक, उपनिदेशक, आयुर्वेद विभाग, बीकानेर, डॉ. जितेन्द्र सिंह भाटी, सहायक निदेशक, आयुर्वेद विभाग, संभाग बीकानेर, डॉ. दीपिका शर्मा एवं डॉ. हरनीत सिंह सिद्धू ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
मंडल रेलवे अस्पताल लालगढ़ की अपर मुख्य दंत चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशु मलिक ने आयुर्वेद टीम द्वारा प्रदान की गई सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया। संपूर्ण आयुर्वेद जागरूकता कार्यक्रम का समन्वय मंडल रेलवे अस्पताल के डी.ई.ई. मूलचन्द शर्मा द्वारा किया गया।
