बज्जू पुलिस की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ चोरी और नकबजनी के 20 से अधिक मामले दर्ज

Blog
Spread the love
https://https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2026/05/WhatsApp-Image-2026-05-30-at-2.27.10-PM-1.jpeghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.png

 

बीकानेर। चोरी और नकबजनी की वारदातों पर अंकुश लगाने तथा वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बज्जू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस और पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीकानेर ग्रामीण बनवारीलाल मीणा आरपीएस तथा वृताधिकारी कोलायत जयपाल सिंह आरपीएस के सुपरविजन में कार्रवाई की गई।

 

पुलिस थाना बज्जू के थानाधिकारी चन्द्रजीत सिंह भाटी, पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल अमित मीणा मय टीम ने 16 सितंबर 2026 को दो हजार रुपये के इनामी अपराधी पूनमचन्द उर्फ प्रदीप पुत्र जोराराम बिश्नोई, उम्र 32 वर्ष, निवासी शिवनगर सोढादड़ा, पुलिस थाना बाप, जिला फलौदी को गिरफ्तार किया।

 

यह था मामला

 

पुलिस के अनुसार, 17 दिसंबर 2025 की रात बीकमपुर गांव में नरपत ओड की बोलेरो कैंपर गाड़ी अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया था। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान चोरी की गई बोलेरो कैंपर बरामद की गई और चोरी की गाड़ी खरीदने के आरोप में नरपत सेन निवासी पाबूनगर खुड़ियाला, जोधपुर तथा प्रेम सिंह राठौड़ निवासी सेन्दलो की ढाणियां को गिरफ्तार किया गया था।

 

बोलेरो कैंपर चोरी करने का आरोपी पूनमचन्द उर्फ प्रदीप काफी समय से फरार चल रहा था। वह अन्य थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातों में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक बीकानेर की ओर से दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

 

16 सितंबर 2026 को विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए पूनमचन्द उर्फ प्रदीप को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस आरोपी से बोलेरो कैंपर चोरी के मामले के साथ-साथ चोरी और नकबजनी की अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

 

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ चोरी और नकबजनी सहित 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान बज्जू थाना क्षेत्र के अलावा अन्य स्थानों पर हुई चोरी और नकबजनी की वारदातों के खुलासे की संभावना है।