


बीकानेर। राज्य में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों की फोटो और वीडियो शेयर कर आमजन में भय का माहौल बनाने वाले एक युवक को हिरासत में लिया।
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा तथा वृत्ताधिकारी श्रीडूंगरगढ़ निकेत कुमार पारीक के सुपरविजन में थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस निरीक्षक इमीचन्द के नेतृत्व में नाकाबंदी के दौरान सूचना मिली कि गजानन्द नामक व्यक्ति बीकानेर से सेरूणा की ओर आ रहा है और इंस्टाग्राम (फेसबुक अकाउंट) पर हथियारों से जुड़ी पोस्ट डालकर लोगों पर धौंस जमाता है तथा आमजन में भय पैदा करता है।
सूचना की तस्दीक के दौरान बसों की जांच की गई। एक बस में मिले गजानन्द की तलाशी लेने पर उसके पास कोई हथियार बरामद नहीं हुआ। हालांकि, उसके मोबाइल की जांच में इंस्टाग्राम (फेसबुक अकाउंट) पर शेयरचैट आदि से प्राप्त पिस्टल की फोटो और वीडियो शेयर किए हुए मिले।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

