ऑपरेशन नीलकंठ: बीकानेर पुलिस ने 1.79 करोड़ की अवैध संपत्तियां की फ्रीज

Blog
Spread the love
https://https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2026/05/WhatsApp-Image-2026-05-30-at-2.27.10-PM-1.jpeghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.png

अनुशासित वाणी न्यूज़,बीकानेर, 05 अगस्त। मादक पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ बीकानेर पुलिस का “ऑपरेशन नीलकंठ” लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित 1 करोड़ 79 लाख 5 हजार 609 रुपये मूल्य की अवैध संपत्तियों को फ्रीज कर अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है।

 

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध आय से मकान, कृषि भूमि, बैंक खाते एवं अन्य संपत्तियां बनाई थीं। सक्षम प्राधिकारी से आदेश प्राप्त होने के बाद इन सभी संपत्तियों को फ्रीज कर दिया गया।

 

कार्रवाई के दौरान सत्तार अली उर्फ सत्तार भुट्टा एवं उसके परिवार की संपत्तियों पर शिकंजा कसा गया। इनमें भुट्टों का बास एवं फत्तीपुरा गली स्थित रिहायशी मकान, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया कृषि उपज मंडी शाखा, बीकानेर के बैंक खाते तथा अन्य संपत्तियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त शहजाद पुत्र देनायत अली के बैंक खाते में जमा राशि, नगद बरामदगी तथा उसके पुत्र फिरोज उर्फ जग्गू के नाम पर चक 16 जेएमडी में 3.58 बीघा एवं चक 18 जेएमडी में 4.32 बीघा कृषि भूमि को भी फ्रीज किया गया। इन कृषि भूमियों का अनुमानित बाजार मूल्य क्रमशः लगभग 20 लाख एवं 28 लाख रुपये आंका गया है।

 

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी सत्तार अली तथा उसके पुत्र सिकंदर अली, साजिद खान, अनिश और साहिल के विरुद्ध अब तक कुल 37 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें सत्तार अली के खिलाफ 9, सिकंदर अली के खिलाफ 13, साजिद खान के खिलाफ 9, अनिश के खिलाफ 3 तथा साहिल के खिलाफ 3 मामले दर्ज हैं। सिकंदर अली, साजिद खान और साहिल थाना सदर के हिस्ट्रीशीटर हैं, जबकि सत्तार अली की हिस्ट्रीशीटर पत्रावली भी खोली जा रही है।

 

इसी प्रकार आरोपी शहजाद अली के विरुद्ध 3 तथा उसके पुत्र फिरोज उर्फ जग्गू के विरुद्ध भी 3 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

 

जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि ऑपरेशन नीलकंठ के तहत जिले के अन्य मादक पदार्थ तस्करों एवं संगठित अपराधियों की भी पहचान कर उनकी अवैध आय और संपत्तियों का पता लगाया जा रहा है। जांच पूरी होते ही उनकी अवैध संपत्तियों को भी नियमानुसार फ्रीज कराया जाएगा।

 

बीकानेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नशा तस्करों एवं संगठित अपराधियों के संबंध में सूचना देकर पुलिस का सहयोग करें। पुलिस ने कहा कि समाज और युवाओं के भविष्य को नशे से बचाने के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है तथा सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।