शहरी सेवा शिविर बना राहत का केंद्र, मौके पर मिला खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ

बीकानेर राजस्थान
Spread the love
https://https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2026/05/WhatsApp-Image-2026-05-30-at-2.27.10-PM-1.jpeghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.png

 

 

बीकानेर, 22 जुलाई। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित शहरी सेवा शिविर आमजन के लिए प्रभावी साबित हो रहे हैं। बीकानेर जिले की नगरपालिका लूणकरणसर में आयोजित शिविर में एक जरूरतमंद परिवार को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (एनएफएसए) का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया गया।

 

लूणकरणसर निवासी राकेश कुमार लंबे समय से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़ने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन विभिन्न प्रक्रियात्मक कारणों से उनका कार्य लंबित था। शहरी सेवा शिविर की जानकारी मिलने पर वे अपनी समस्या लेकर शिविर स्थल पहुँचे और उपखंड अधिकारी दयानंद के समक्ष अपनी बात रखी।

 

परिवार की आवश्यकता और मामले की गंभीरता को देखते हुए उपखंड अधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद खाद्य विभाग के प्रवर्तन अधिकारी मनीष अवस्थी एवं नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी भवानी सिंह ने समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक औपचारिकताएँ पूरी कीं और राकेश कुमार के आवेदन को मौके पर ही स्वीकृति प्रदान कर दी।

 

वर्षों से लंबित कार्य कुछ ही समय में पूरा होने पर राकेश कुमार ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका काम इतनी जल्दी और एक ही स्थान पर हो जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्षों की परेशानी कुछ ही मिनटों में दूर हो गई। उन्होंने इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, खाद्य मंत्री सुमित गोदारा तथा स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।