

विधायक जेठानन्द व्यास एवं समाजसेवी दीपक पारीक ने किया पोस्टर का विमोचन
महिला गरबा सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों से भक्तिमय होगा माहौल, 21 अक्टूबर तक चलेगा आयोजन
बीकानेर, 26 सितंबर. श्री राम कला मंदिर संस्थान, बीकानेर की ओर से आयोजित होने वाली भव्य रामलीला के पोस्टर का विमोचन बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानन्द व्यास एवं समाजसेवी दीपक पारीक ने किया। इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारियों ने विधायक व्यास एवं समाजसेवी पारीक को आयोजन की रूपरेखा से अवगत करवाया तथा रामलीला में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर विधायक जेठानन्द व्यास ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और आदर्शों का अनुपम उदाहरण है। रामलीला जैसे धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के साथ समाज में नैतिक मूल्यों का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि बीकानेर की धर्मपरायण जनता सदैव धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाती रही है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति एवं भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
समाजसेवी दीपक पारीक ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक मंचन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि श्री राम कला मंदिर संस्थान द्वारा सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में किया जा रहा यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने बीकानेरवासियों से परिवार सहित रामलीला में पहुंचकर भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
संस्थान के अध्यक्ष गिरिराज जोशी ने बताया कि इस वर्ष भव्य रामलीला का आयोजन 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से नगर सेठ लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर स्थित रामलीला मैदान में किया जाएगा। आयोजन के दौरान भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, आदर्शों, मर्यादा और धर्म की स्थापना से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
संस्थान के संरक्षक गोपाल अग्रवाल ने बताया कि रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं एवं भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन के दौरान 12 अक्टूबर एवं 21 अक्टूबर को महिला गरबा का विशेष कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
संस्थान के सचिव अभिराम दत्त गौड़ ने बताया कि रामलीला में श्री गणेशाय वन्दना, नारद मोह, श्रवण कुमार, राम जन्म, ताड़का वध, लक्ष्मण-परशुराम संवाद, सीता स्वयंवर, दशरथ-कैकेयी संवाद, राम वनवास, राम-भरत मिलाप, बालि-सुग्रीव युद्ध, हनुमान प्रसंग, लक्ष्मण शक्ति, रावण-अंगद संवाद, रावण-हनुमान संवाद, कुंभकरण वध, रावण वध तथा श्रीराम के राजतिलक सहित विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान कैलाश भादाणी, मदन गोपाल आचार्य, मक्खन जोशी, पण्डित गिरिराज जोशी, ललन, भैरू भादाणी सहित संस्थान के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
