

बीकानेर, 15 जुलाई। वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रम बी.ए., बी.एस.सी., लाइब्रेरी स्नातक, जर्नलिज्म में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम एम.ए., कंप्यूटर विज्ञान में स्नातकोत्तर, गणित में स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा, सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम में प्रवेश चालु है।
निदेशक श्री सुरेश कुमार शर्मा ने बताया कि विद्यार्थी विश्वविद्यालय के रोजगारपरक पाठ्यक्रम पत्रकारिता, कंप्यूटर, योग एवं एम.बी.ए. जैसे व्यवहारिक विषयों में प्रवेश ले सकते है, जिसकी अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी नजदीकी ई-मित्र एवं नेट बैंकिंग के माध्यम से ऑनलाइन शुल्क जमा करवाकर घर बैठे प्रवेश ले सकते है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने इस बार नया पाठ्यक्रम डिप्लोमा इन कंप्यूटर एकाउंटिंग एन्ड मैनेजमेंट तथा फलित ज्योतिष एवं कर्मकांड में भी सर्टिफिकेट कार्यक्रम चालू किया है। विश्वविद्यालय के प्रोफेशनल पाठ्यक्रम एम.बी.ए. में बिना प्रवेश परीक्षा के अहर्ता दस्तावेज पूर्ण करने से प्रवेश दिया जा रहा है तथा प्रवेश लेते समय पाठ्यसामग्री नहीं लेने पर कुल फ़ीस में 15 प्रतिशत छूट का प्रावधान किया गया है तथा महिला विद्यार्थियों को निः शुल्क शिक्षा दी जाएगी। (फ़ीस का पुनर्भरण राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा)
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में एन.ई.पी.-2020 के तहत सेमेस्टर प्रणाली चालू की गई है जिसमे अभी प्रवेश लेने वाले सेमेस्टर प्रथम की परीक्षा दिसम्बर 2026 में आयोजित करवाई जाएगी।
विश्वविद्यालय में सेमेस्टर प्रथम एवं सेमेस्टर द्वितीय दोनों में प्रवेश एक साथ दिया जा रहा है जिसमे परीक्षा फ़ीस, पाठ्यसामग्री फ़ीस एवं अन्य फ़ीस शामिल है। विश्वविद्यालय में प्रमोटी प्रवेश भी चालू है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कुल 18 अध्ययन केंद्र भी बनाए है ताकि उनके नजदीक के अध्ययन केन्द्रों पर प्रायोगिक शिविर, एवं परीक्षाएं आयोजित करवाई जा सके एवं नजदीक ही आंतरिक गृहकार्य जमा करवा सके। मुख्य रूप से सूरतगढ़, हनुमानगढ़, सरदारशहर, नोहर, चूरू, तारानगर, नोखा, श्रीगंगानगर, घडसाना अध्ययन केंद्र बनाए गए हैं और ये परीक्षा केंद्र के रूप में कार्य कर रहे हैं। विश्वविद्यालय के स्नातक पाठ्यक्रम एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में विषय का 30 प्रतिशत मार्क्स है जिसमे आन्तरिक गृहकार्य जमा करवाने की व्यवस्था है जो उनके अंक परीक्षा परिणाम में जुड़ते हैं। उन्होंने बताया कि प्रवेश लेने पश्चात प्रवेश आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी जमा नही करवानी है। विद्यार्थी अधिक जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.vmou.ac.in पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं।
