

बीकानेर। राज्य सरकार द्वारा जिले में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इसी क्रम में बीकानेर की ग्राम पंचायत खारडा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में 30 वर्ष से लंबित एक जटिल राजस्व विवाद का सफल समाधान किया गया।
गांव में लगभग 160 बीघा भूमि का संयुक्त खाता पिछले 30 वर्षों से 22 साझेदारों के नाम दर्ज था। संयुक्त खाते के कारण सभी खातेदारों को भूमि संबंधी कार्यों में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार प्रयास किए गए, लेकिन खाता विभाजन का कार्य पूरा नहीं हो सका।
ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारियों ने सभी पक्षों से चर्चा कर आवश्यक दस्तावेजों की जांच की तथा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 160 बीघा भूमि का खाता विभाजन सफलतापूर्वक संपन्न कराया। इससे 30 वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो गया।
खाता विभाजन होने के बाद सभी 22 खातेदारों ने खुशी व्यक्त करते हुए राज्य सरकार एवं प्रशासन का आभार जताया। उनका कहना है कि वर्षों से लंबित यह कार्य पूरा होने से अब भूमि संबंधी सभी कार्य आसानी से हो सकेंगे और भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
