

बीकानेर, 2 जुलाई। राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर के तहत 12 जून से 15 जुलाई तक आयोजित किए जा रहे शिविरों की श्रृंखला में गुरुवार को ग्राम पंचायत सीथल में शिविर आयोजित हुआ। राजस्व विभाग के शासन सचिव टी. रविकांत ने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्टॉलों का अवलोकन किया। अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन के कार्य पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से संपादित करने के निर्देश दिए।
शासन सचिव ने विभागवार शिविर की प्रगति की समीक्षा की और विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से अधिकतम लाभान्वित करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
शिविर में उपखंड अधिकारी महिमा कसाना एवं तहसीलदार नीतीश कांत ने आमजन की परिवेदनाओं का मौके पर ही निस्तारण कराया।
ग्राम पंचायत की पूर्व सरपंच मन्नू देवी बिठू के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों तथा 22 विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों के विभिन्न कार्यों का निष्पादन किया। एडवोकेट श्री गणेशदान बिठू ने भी शिविर में उपस्थित रहकर स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया।
ग्राम विकास अधिकारी भागीरथ आचार्य ने बताया कि शिविर में वीबी-जीरामजी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा ग्रामीणों को पंपलेट वितरित कर योजना की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2026 से केंद्र सरकार द्वारा प्रारंभ की गई यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लिए उपयोगी और जनकल्याणकारी सिद्ध होगी।
पंचायत समिति के सहायक विकास अधिकारी गिरिराज शर्मा ने नोडल अधिकारी के रूप में शिविर का संचालन करते हुए विभिन्न विभागों की सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई।
