बीकानेर, 18 फरवरी। केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने बुधवार को आचार्य तुलसी कैंसर रिसर्च सेंटर परिसर में प्रदेश की दूसरी डायमंड्स लैब का उद्घाटन किया। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा वित्त पोषित डायमंड्स योजना के तहत स्थापित इस लैब में स्तन और फैफड़े के कैंसर में होने वाली पैथोलाॅजी की इम्यूनोहिस्टोकेमिस्ट्री जांच और माॅलिक्यूलर स्तर की मंहंगी जांचें निःशुल्क होंगी।
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि बीकानेर का आचार्य तुलसी कैंसर रिसर्च सेंटर समूचे उत्तर भारत का प्रतिष्ठित केन्द्र है। यहां राजस्थान सहित अन्य राज्यों के कैंसर के मरीज इलाज के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि यहां की ओपीडी संभवंतया टाटा कैंसर हाॅस्पिटल के बाद सर्वाधिक है। ऐसे में यहां सभी चरणबद्ध तरीके से सभी अत्याधुनिक मशीनें उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे राजस्थान सहित अन्य प्रदेशों के मरीजों को भी कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का बेहतर इलाज मिल सके।
केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि इस लैब के लिए केन्द्र सरकार द्वारा 5 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए। इससे जुड़ी मशीनरी आ चुकी है तथा कैंसर जैसे रोग की गंभीरता को देखते हुए इस लैब के माध्यम से अब तक 111 मरीजों की जांचें भी की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चरणों में भी यहां की सुविधाओं को और बढ़ाया जाएगा। इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से नियमित संपर्क रखा जा रहा है।
आचार्य तुलसी कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र कि निदेशक डॉ. नीति शर्मा ने केंद्रीय मंत्री श्री मेघवाल को लैब की कार्यप्रणाली और अब तक प्राप्त रिपोर्ट के बारे में जानकारी प्रदान ।
सरदार पटेल मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि कैंसर जैसे रोग के समयबद्ध उपचार में सटीक जांच की महत्वपूर्ण भूमिका है। डायमंड्स लैब की इन मशीनों से कैंसर रोगियों को राहत मिलेगी।
पीबीएम अधीक्षक डाॅ. बी. सी. घीया ने कहा कि वर्तमान में लंग्स और स्तन कैंसर के मरीजों के लिए यह मशीनें वरदान साबित होंगी। इनके माध्यम से मरीज का एडवांस माॅलिक्यूलर टेस्ट हो सकेगा, जिसके माध्यम से कम से कम साइड इफेक्ट में मरीज का बेहतर इलाज होगा।
मेडिकल ऑन्कोलाॅजी विभाग के विभागाध्यक्ष डाॅ. सुरेन्द्र बेनीवाल ने बताया कि उन्होंने बताया कि निजी अस्पतालों में यह जांचें बहुत महंगी होती हैं। जो कि इस केन्द्र में निःशुल्क होंगी। उन्होंने बताया कि निजी क्षेत्र में इलाज करवा रहे मरीज भी इस केन्द्र के माध्यम से यह जांचें करवा सकेंगें।
लैब प्रभारी डाॅ. सुनीता कुलहरि ने बताया कि इस लैब का लाभ सेंटर में उपचाररत राजस्थान सहित अन्य प्रदेशों के मरीजों को भी निःशुल्क मिलेगा।
इस दौरान श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के चेयरमेन रामगोपाल सुथार, डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य, अशोक प्रजापत, डॉ. संदीप गुप्ता, डॉ. शंकर लाल जाखड़, डॉ. राजेश सिंवर, डॉ. डीपी सोनी, डायमंड लैब रिसर्च साइंटीस्ट डॉ. विनय मेहरा, डॉ. चित्रलेखा सैनी, डॉ. जितेंद्र आचार्य सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।
