

बीकानेर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा भारतीय खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला साइक्लिंग संघ, बीकानेर के सहयोग से रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ का 34वां संस्करण उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जनता क्लीनिकों एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों पर साइक्लिंग, योग तथा विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम स्थानीय वृद्धजन भ्रमण पथ, पब्लिक पार्क में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध एवं जिला साइक्लिंग संघ, बीकानेर के सचिव सुरेंद्र कूकणा ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार, जिला कार्यक्रम समन्वयक मालकोश आचार्य, जिला खेल अधिकारी श्रवण भांभू, अंतरराष्ट्रीय साइक्लिस्ट दयालाराम सारण सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी, खिलाड़ी एवं फिटनेस प्रेमी उपस्थित रहे।
डॉ. पुखराज साध ने कहा कि नियमित साइक्लिंग, योग एवं व्यायाम स्वस्थ जीवनशैली की आधारशिला हैं। उन्होंने आमजन से “फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज” के संदेश को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
साइक्लिंग रैली में जैठाराम घाट, राजपाल, मुन्नीराम, अजय जावा सहित बड़ी संख्या में साइक्लिस्टों एवं खेल प्रेमियों ने भाग लेकर फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने योग, रस्साकशी एवं अन्य खेल गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के समापन पर जिला साइक्लिंग संघ, बीकानेर के सचिव सुरेंद्र कूकणा ने बताया कि ‘संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से किया जाता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़कर स्वस्थ एवं फिट भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की।
