
बीकानेर, 29 अप्रैल। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बीकानेर ने संवेदनशीलता, पारिवारिक एकता और सामाजिक सरोकार का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने मेस में पिछले 22 वर्षों से कुक के रूप में सेवाएं दे रहे भीम बहादुर सोनी की पुत्री के विवाह अवसर पर 3 लाख 25 हजार रुपये का मायरा एवं बहुमूल्य आभूषण भेंट किए।
आरपीएफ परिवार द्वारा विवाह समारोह में चांदी की पायल, अंगूठी, कानों की बालियां, बिछिया तथा सोने की नथ भेंट स्वरूप प्रदान की गई। इस पहल ने न केवल कर्मचारी के प्रति सम्मान व्यक्त किया, बल्कि संगठन की पारिवारिक संस्कृति, सहयोग भावना और मानवीय मूल्यों को भी उजागर किया।
इस विशेष अवसर पर सहायक सुरक्षा आयुक्त पप्पू राम मीणा, सीआई बीकानेर सुभाष बिश्नोई, अजय महलावत, एसआई रविंद्र कुमार सहित अनेक अधिकारी, जवान एवं महिला कार्मिक मौजूद रहे। सभी ने परिवार की खुशियों में सहभागी बनकर संगठनात्मक एकता का प्रेरक संदेश दिया।
आरपीएफ बीकानेर की यह पहल पूरे बीकानेर संभाग में चर्चा का विषय बन गई है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ अपने सहयोगियों के सुख-दुख में सहभागी बनने की यह परंपरा समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
अनुशासित वाणी न्यूज़ दृष्टिकोण:
आरपीएफ बीकानेर ने यह साबित कर दिया कि वर्दी केवल सुरक्षा का प्रतीक नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, सहयोग और पारिवारिक मूल्यों की भी पहचान है। यह आयोजन मानवीय रिश्तों की मजबूती और सामाजिक समरसता की मिसाल बन गया।
