रंगोलियों के जरिए दिया मतदान का संदेश, “मेरा वोट, मेरा अधिकार” की गूंज

Blog
Spread the love
https://https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2026/05/WhatsApp-Image-2026-05-30-at-2.27.10-PM-1.jpeghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.png

बीकानेर 8 सितंबर। नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने एवं आमजन को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रशासन एवं रोटरी क्लब बीकानेर के सहयोग से महिला एवं बाल विकास विभाग, नोखा द्वारा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियां बनाकर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया।

 

सीडीपीओ नोखा श्रीमती मंजू सोनी ने बताया कि रंगोलियों के माध्यम से “मतदान मेरा अधिकार”, “मेरा वोट, मेरा अधिकार” सहित विभिन्न संदेश प्रदर्शित कर आमजन को लोकतंत्र में मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। विभिन्न स्थानों पर बनाई गई सुंदर एवं आकर्षक रंगोलियों ने राहगीरों और आम नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया तथा उन्हें मतदान के लिए प्रेरित किया।

 

कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षक राजकुमारी, चंदना, कलावती एवं राधा विजय सहित आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने विभिन्न स्थानों पर रचनात्मक ढंग से रंगोलियां तैयार कर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

 

इस अवसर पर उपखंड अधिकारी नोखा एवं कोषाधिकारी नोखा द्वारा उपस्थित कर्मचारियों को निष्पक्ष एवं स्वतंत्र मतदान प्रक्रिया में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सहयोग करने की शपथ दिलाई गई।

 

कार्यक्रम के माध्यम से आमजन से अपील की गई कि वे आगामी नगर निकाय चुनाव में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय एवं जिम्मेदार भागीदारी निभाएं।