गुणवत्तायुक्त चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताःमंत्री गोदारा

बीकानेर राजस्थान
Spread the love
https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2023/11/nvvoqa38.pnghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.pnghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/12/IMG_20241216_191235.png

 

लूणकरणसर क्षेत्र के दौरे पर रहे खाद्य मंत्री, अनेक विकास कार्यों का किया लोकार्पण-शिलान्यास

 

बीकानेर, 9 फरवरी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री  सुमित गोदारा ने सोमवार को लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया।

इस दौरान श्री गोदारा ने कहा कि मुख्यमंत्री  भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कृषि और कृषक कल्याण के लिए संकल्पबद्धता से कार्य कर रही है। किसानों को कृषि, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी और लाभ देने के लिए 23 जनवरी से 9 फरवरी तक ‘ग्राम उत्थान शिविर’ आयोजित हुए। इन शिविरों में लाखों किसानों को राहत मिली। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र में इस और भी विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि पहली बार बीस जीएसएस बन रहे हैं। अनेक जीएसएस पर दो-तीन तक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। इससे किसानों को चौबीस घंटे बिजली मिलने लगी है। किसानों को गर्मी, सर्दी और प्रतिकूल मौसम अथवा रात के समय काम करने की मुसीबत से छुटकारा मिलने लगा है। उन्होंने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता है। उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, सरकार इसके प्रति पूर्ण गंभीर है।

सुई में 33/11 केवी जीएसएस पर 5 एमवीए के तीसरे अतिरिक्त ट्रांसफार्मर के लोकार्पण के दौरान उन्होंने कहा कि पिछले सवा दो साल में ग्रामीण क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। पहली बार गांव-गांव विकास कार्य हो रहे हैं। उच्च स्तर पर इनकी नियमित माॅनिटरिंग भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने प्रत्येक बजट में जिले और लूणकरणसर को अनेक सौगातें दी हैं। इस बार भी क्षेत्र के लिए कई घोषणाएं होंगी, जिनका स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 45 लाख रुपए की लागत से बनने वाले चार कक्षों तथा राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 15 लाख रुपए की लागत से बनने वाले चिकित्सा आवास का शिलान्यास भी किया।

खाद्य मंत्री ने कहा कि सभी निर्माण कार्य समय पर हों तथा गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को इनकी नियमित माॅनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार विद्यालयों और चिकित्सालयों मेें आधारभूत सुविधाओं के साथ अत्याधुनिक सुविधाएं भी मुहैया करवा रही है। बच्चों को शिक्षा का बेहतर वातावरण मिले तथा मरीजों को इलाज के लिए परेशान नहीं होना पड़े, यह सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

गोदारा ने जैतपुर में 33/11 जीएसएस सेकंड में 3.15 केवीए के अतिरिक्त ट्रांसफार्मर तथा पुलिस स्टेशन बाउंड्री में विधायक निधि से हुए 4.95 लाख राशि के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार केन्द्र और राज्य मद से क्षेत्र का विकास कर रही है। वहीं विधायक निधि का शत-प्रतिशत उपयोग जनाकांक्षा और आवश्यकता के अनुसार प्राथमिकता से हो रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने नोहड़ा चक में 33/11 जीएसएस तथा ट्यूबवेल का लोकार्पण किया।

 

मंत्री गोदारा ने शेरपुरा में 46.50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले पशु चिकित्सालय का शिलान्यास तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 7 लाख की विधायक निधि से तैयार वॉलीबॉल और कबड्डी मेट का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि कृषि और पशुपालन एक-दूसरे के पूरक हैं। पशुपालकों के लिए भी सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। पहली बार लूणकरणसर में राज्य स्तरीय पशु मेला आयोजित किया जा रहा है। पशुपालक अधिक से अधिक संख्या में इसमें भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरगामी सोच के कारण प्रदेश में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण बना है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सरकार लगातार प्रोत्साहित कर रही है।

मंत्री गोदारा ने महाजन में 11 लाख की विधायक निधि से खेल मैदान में बनाए गए रनिंग ट्रेक तथा 5 लाख की राशि से बनाई गई चार दिवारी तथा कपूरीसर में 7 लाख रुपए की लागत से बने अंबेडकर भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को किसी ना किसी खेल से जोड़ें। यह उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि कपूरीसर में बना अम्बेडकर भवन ग्रामीणों के लिए लाभदायक सिद्ध होगा। श्री गोदारा ने कहा कि डाॅ. भीमराव अम्बेडकर ने सदैव शिक्षा को बढ़ावा देने का संदेश दिया। हमें चाहिए कि हम बच्चों को शिक्षा के अधिक से अधिक अवसर दें।

 

इस दौरान कानाराम गोदारा, कैलाश सारस्वत, सावन पुरोहित, राजू दास स्वामी, राहुल पारीक, राजा राम झोरड़, अमराराम सियाग, नेतराम गोदारा श्रीमती मीरा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।