राजकीय विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

बीकानेर राजस्थान
Spread the love
https://https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2026/05/WhatsApp-Image-2026-05-30-at-2.27.10-PM-1.jpeghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.png

 

 

बीकानेर, 21 जून। राजकीय विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को योग कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

 

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. भगवानाराम विश्नोई ने इस अवसर पर कहा कि योग प्रत्येक व्यक्ति के स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन की कुंजी है। उन्होंने सभी को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा योग करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य में उल्लेखनीय वृद्धि होती है तथा जीवन में अनुशासन और ऊर्जा का संचार होता है।

 

कार्यक्रम में योग गुरु के रूप में महाविद्यालय की छात्रा स्नेहा व्यास ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया। उन्होंने उपस्थित जनों को योग की सही विधियों की जानकारी देते हुए नियमित अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला।

 

योग दिवस कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. मल्लिका परवीन ने योग के महत्व एवं लाभों पर जानकारी देते हुए कहा कि योग तनाव मुक्ति, एकाग्रता में वृद्धि तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज संपूर्ण विश्व में अपनाया जा रहा है।

 

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने नियमित योग करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा।