
बीकानेर, 27 अप्रैल।ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में 28 अप्रैल से 12 मई तक ‘ग्राम रथ अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान पांचों ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में हाईटेक रथ गांव-गांव पहुंचकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे।
मंगलवार प्रातः 9:30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर से जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में इन रथों को रवाना किया जाएगा, जिसके बाद निर्धारित रूट के अनुसार यह अभियान शुरू होगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर निशांत जैन एवं पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित बैठक में 13 विभागों के अधिकारी एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी जुड़े।
जिला कलेक्टर ने इसे राज्य सरकार का महत्वपूर्ण अभियान बताते हुए निर्देश दिए कि रथों का संचालन तय कार्यक्रम के अनुसार हो तथा प्रत्येक कार्यक्रम में अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
प्रत्येक रथ में एलईडी स्क्रीन के जरिए योजनाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्में दिखाई जाएंगी, वहीं संबंधित विभागों की प्रचार सामग्री भी वितरित की जाएगी। ग्रामीणों के सुझावों के लिए रथों के साथ सुझाव पेटिका भी रहेगी।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक रथ के साथ कला जत्थे भी रहेंगे, जो नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से योजनाओं का संदेश देंगे। साथ ही दैनिक रिपोर्टिंग और ‘डे प्रभारी’ नियुक्ति के निर्देश भी दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रत्येक रथ के साथ दो कांस्टेबल तैनात रहेंगे तथा रात्रि विश्राम के दौरान रथों को पुलिस थानों या चौकियों में रखा जाएगा।
इस दौरान जिला परिषद की सीईओ शैलजा पांडे, उपखंड अधिकारी महिमा कसाना, अतिरिक्त कलेक्टर (नगर) रमेश देव सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।
