राजस्थान संपर्क पोर्टल पर परिवेदनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें :-जिला कलेक्टर

बीकानेर राजस्थान
Spread the love
https://https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2026/05/WhatsApp-Image-2026-05-30-at-2.27.10-PM-1.jpeghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.png

 

जिला कलेक्टर  निशांत जैन ने ली संपर्क पोर्टल की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

 

बीकानेर, 17 नवंबर। जिला कलेक्टर  निशांत जैन ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित एवं निस्तारित परिवेदनाओं की समीक्षा के लिए सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवेदनाओं का निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करते हुए टाइमलाइन एस्केलेशन को शून्य रखा जाए।

 

जिला कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी परिवेदनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा समय सीमा में उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग को अन्य विभाग से संबंधित परिवेदना प्राप्त होती है, तो उसे बिना विलंब किए तत्काल संबंधित विभाग को अग्रेषित किया जाए।

 

उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ), सीपी ग्राम की लंबित परिवेदनाओं की भी समीक्षा की और इनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

 

 

जिला कलेक्टर ने शिक्षा विभाग, बीकानेर द्वारा परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण एवं लंबित प्रकरणों की संख्या नगण्य रखने पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरुण शर्मा की सराहना की। उन्होंने परिवेदनाओं के निस्तारण में संतुष्टि के स्तर में सुधार करने वाले विभागों के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

 

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) में 15 दिन से अधिक समय से लंबित सर्वाधिक 27 परिवेदनाएं होने पर जिला कलेक्टर ने इनके प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

 

अक्टूबर में परिवेदनाओं के निस्तारण का औसत समय रहा 13 दिन

 

बैठक में बताया गया कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर अक्टूबर माह में बीकानेर जिले की रैंकिंग प्रदेश में 19वीं रही। इस दौरान परिवेदनाओं के निस्तारण का औसत समय 13 दिन रहा तथा कुल प्राप्त परिवेदनाओं में से लगभग 78 प्रतिशत का निस्तारण किया गया। वहीं टाइमलाइन एस्केलेशन घटकर 7.3 प्रतिशत रह गया तथा परिवादियों के संतुष्टि स्तर में सुधार होकर 66 प्रतिशत पहुंच गया।

 

बैठक में बीडीए कमिश्नर  धायगुडे स्नेहल नाना, नगर निगम कमिश्नर  सिद्धार्थ पलानीचामी, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी  शैलजा पांडे, एडीएम प्रशासन  उम्मेद सिंह रतनू, आईएएस  मनु गर्ग, एसडीएम एवं आईएएस  महिमा कसाना, एडीपीएस  सुमन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।