

बीकानेर। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मरूनायक चौक में जुआ खेलते 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 50,490 रुपये नकद, जुआ खेलने में प्रयुक्त पर्दा और गोटियां बरामद की हैं।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के निर्देशन तथा वृताधिकारी नगर अनुज डाल के निकट सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी सविता डाल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना पर टीम ने मुख्य शहर के मरूनायक चौक में दबिश दी। यहां कुछ व्यक्ति पर्दे पर बने चिन्हों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आठों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा जुआ सामग्री और नकदी जब्त की।
गिरफ्तार आरोपियों में कैलाश सेवग (56), पुरुषोत्तम शर्मा (54), देवाशीष शर्मा (34), हुसैन अली उर्फ मोहम्मद हुसैन (19), राजू (40), देव सेवग (22), योगेश पुरोहित (32) और उमाशंकर शर्मा (45) शामिल हैं। सभी आरोपी बीकानेर के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं।
इस संबंध में प्रकरण संख्या 104/2026 धारा 112(2) बीएनएस एवं 13 आरपीजीओ के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले का अनुसंधान कोटगेट थाना प्रभारी को सौंपा गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण में आगे की जांच जारी है।
