आमजन से जुड़े कार्य प्राथमिकता से करने के दिए निर्देश
बीकानेर, 15 अप्रैल। जिला कलेक्टर एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) अध्यक्ष श्री निशांत जैन ने बुधवार को बीडीए कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन परिसर का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया। परिवादियों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानी और निस्तारण के लिए अधिकरियों को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पत्रावलियों का ऑनलाइन प्रेषण एवं निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा अनावश्यक पेंडेंसी बिल्कुल नहीं रहे। साथ ही नागरिक सेवा केंद्र के लिए प्रभारी नियुक्त कर लोक सेवाओं की अदायगी में जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए। इसके लिए सिंगल विंडो व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए निर्देशित किया।
उन्होंने बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए बीडीए द्वारा करवाए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की स्थिति जानी और स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर बीडीए आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, सचिव कुलराज मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
