

बीकानेर। खेल प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें सही दिशा देने और भविष्य के खिलाड़ी तैयार करने के उद्देश्य से दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन ने रविवार से एक नई पहल “डीएसएफ संडे स्पोर्ट्स लैब– आज की प्रतिभा, 2036 का खिलाड़ी” की शुरुआत की। इस पहल में रिस्टार्ट जिमनास्टिक्स एकेडमी ने सक्रिय सहभागिता निभाई। पहले आयोजन में करीब 40 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल, फिटनेस व मनोरंजन से भरपूर गतिविधियों में हिस्सा लिया
दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन के वरिष्ठ निदेशक उमाशंकर लिम्बा ने बताया कि डीएसएफ का उद्देश्य शहर की उभरती खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि “आज की प्रतिभा ही 2036 का खिलाड़ी बनेगी” और इसी सोच के साथ हर रविवार बच्चों एवं युवाओं के लिए स्पोर्ट्स लैब का आयोजन किया जाएगा।
रिस्टार्ट जिमनास्टिक्स एकेडमी ने इस पहल के साथ जुड़ते हुए इसे पूरे बीकानेर तक पहुंचाने की बात कही। एकेडमी की ओर से बच्चों को खेल अनुशासन, फिटनेस और नियमित अभ्यास के प्रति प्रेरित किया गया।
डीएसएफ की निदेशक निशा लिम्बा ने कहा कि यह केवल एक खेल कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों से जोड़ने, नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने की एक सतत पहल है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक रविवार बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और नए खेल सीखने का अवसर मिलेगा, जिससे आने वाले समय में बीकानेर से बेहतर खिलाड़ी तैयार किए जा सकें।
कार्यक्रम में एनआईएस जिमनास्टिक्स कोच संतोष नायक ने बच्चों को फिटनेस, अनुशासन और खेल प्रशिक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी। इसके बाद बच्चों के लिए स्प्रिंट, रनिंग, फिटनेस एक्सरसाइज और विभिन्न शारीरिक गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा जुम्बा डांस सेशन रहा, जिसमें डीएसएफ टीम की प्रेक्षा, निशा सहारण, भाव्या, रिशिता, विष्णु एवं दीनदयाल ने बच्चों को जुंबा कराया। बच्चों ने उत्साह और ऊर्जा के साथ जुंबा, फिटनेस गतिविधियों और खेलों में भाग लिया तथा रविवार का भरपूर आनंद उठाया।
डीएसएफ की इस पहल में खेल के साथ फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच को भी प्राथमिकता दी जा रही है। आयोजकों के अनुसार, “संडेस्पोर्ट्स लैब ” अब हर रविवार जारी रहेगा, ताकि बीकानेर की अधिक से अधिक खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें सही मंच और दिशा दी जा सके।
डीएसएफ का संदेश स्पष्ट है—हर रविवार खेल के नाम, हर प्रतिभा के सम्मान के नाम और बीकानेर के उज्ज्वल खेल भविष्य के नाम।
