

खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम : अविनाश मोदी

खेलो बीकानेर यूथ गेम्स में 18 खेलों में अगले पांच दिन तक होगा रोमांच
बीकानेर, 14जुलाई। बीकानेर के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया, जब खेलेगा बीकानेर बढ़ेगा बीकानेर 3.0 के रंगारंग आगाज ने पुष्करणा स्टेडियम में हजारों खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और दर्शकों की उत्साहपूर्ण मौजूदगी से गुलजार कर दिया। नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित ‘खेलो बीकानेर यूथ गेम्स 3.0’ का भव्य उद्घाटन रंगारंग समारोह के साथ हुआ। लगभग 3000 खिलाड़ियों की सहभागिता ने यह साबित कर दिया कि बीकानेर अब खेलों की नई पहचान बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इस वर्ष आयोजित खेलो बीकानेर यूथ गेम्स में 18 विभिन्न खेलों को शामिल किया गया है, जिनमें अगले पांच दिनों तक रोमांचक मुकाबले होंगे। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर किया गया। इस दौरान अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित एवं विश्वविख्यात पैरा तीरंदाज शीतल देवी जो कि, जन्म से दोनों हाथ नहीं होने के बावजूद पैरों की सहायता से तीरंदाजी कर विश्वभर में भारत का नाम रोशन कर चुकी हैं, उनकी संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा व अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों ने युवा खिलाड़ियों में नया आत्मविश्वास और प्रेरणा का संचार किया। उद्घाटन समारोह में शहर के उद्योग, व्यापार, खेल एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तियों में समारोह में लोटस मोदी डेयरी के अविनाश मोदी, देवकिशन चांडक देवश्री, सुमति सुराणा, सुनीत गांधी, ज्योतिषाचार्य पंडित प्रदीप किराडू, रामरतन धारणिया, जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डीपी. पच्चीसीया, पैरालंपियन श्यामसुंदर स्वामी, एसबीआई बैंक के प्रतिनिधि, विनोद बाफना, राजेश पारीक, पिंटू राठी, वीरेंद्र किराडू, विवेक गोयल, राजेंद्र जोशी, राजेश चूरा, अनिल बोडा, डॉ. सुभाष जोशी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। अपने संबोधन में लोटस डेयरी के एमडी अविनाश मोदी ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि बीकानेर में खेलों का बढ़ता वातावरण पूरे शहर के लिए गौरव का विषय है और उद्योग जगत हमेशा ऐसे सकारात्मक प्रयासों के साथ खड़ा रहेगा। देवकिशन चांडक ने कहा कि खेलो बीकानेर यूथ गेम्स जैसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डीपी. पच्चीसीया ने कहा कि बीकानेर में खेलों के क्षेत्र में हो रहे ऐसे प्रयास भविष्य में शहर की नई पहचान बनेंगे। वरिष्ठ उद्घोषक रवीन्द्र हर्ष ने अतिथियों का परिचय एवं स्वागत किया, जबकि मंच संचालन ज्योति प्रकाश रंगा ने किया। कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन की निदेशक पूजा आचार्य ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, सहयोगियों एवं प्रायोजकों का आभार व्यक्त किया। फाउंडेशन के निदेशक अनिल जोशी ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि खेलो बीकानेर यूथ गेम्स केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बीकानेर की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि बीकानेर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। इसी सोच के साथ यह आयोजन प्रारंभ किया गया था और आज यह हजारों खिलाड़ियों का विश्वास बन चुका है। फाउंडेशन की निदेशक पूजा आचार्य ने कहा कि प्रत्येक वर्ष खिलाड़ियों और खेलों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। यह आयोजन अब केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शहर के युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश देने वाला जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में खेलो बीकानेर यूथ गेम्स को और अधिक भव्य एवं व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
