

बीकानेर। पंचायतीराज चुनाव 2026 के मद्देनजर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांचू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध धारदार चाकू सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं उसके साथी को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि बनवारी नायक और मुरली नायक आपराधिक प्रवृत्ति के हैं तथा अपने पास अवैध हथियार और चाकू रखते हैं। आरोप है कि वे आम नागरिकों को हथियार दिखाकर धमकाते हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
सूचना के आधार पर पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक नोखा जरनैल सिंह के निकट सुपरविजन में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने 11 नवंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए पांचू थाना क्षेत्र से बनवारी नायक (19) पुत्र सुरजाराम, निवासी पांचू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक अवैध धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार चाकू के एक तरफ नुकीले दांतेदार हिस्से और दूसरी तरफ धार थी। चाकू पर लाइट और कम्पास भी लगा हुआ था।
पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी बनवारी नायक के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं उसके साथी मुरली नायक को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा बनवारी नायक से अवैध हथियार के संबंध में गहनता से पूछताछ एवं अनुसंधान किया जा रहा है।
