

– लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, पॉइंट्समैन एवं शंटर सहित रनिंग स्टाफ से किया संवाद
– SPAD की घटनाओं को रोकने तथा सतर्कता एवं सजगता के साथ ट्रेन संचालन के दिए निर्देश
– ऑटोमेटिक सिग्नलिंग क्षेत्र में ट्रेन संचालन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की दी हिदायत
– रेल कर्मियों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही के दिए निर्देश
बुधवार को बीकानेर रेल मंडल में संरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने तथा रेल कर्मचारियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज बीकानेर लोको लॉबी में मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल की अध्यक्षता में संरक्षा संवाद का आयोजन किया गया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, पॉइंट्समैन, शंटर एवं अन्य रनिंग स्टाफ के रेल कर्मचारियों से सीधा संवाद कर सुरक्षित रेल संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की।
संरक्षा संवाद के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने रेल कर्मियों को विशेष रूप से SPAD (Signal Passed at Danger) अर्थात खतरे के सिग्नल को किसी भी स्थित में पार नहीं करने, सतर्कता एवं सजगता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिग्नल की स्थिति का सही तरीके से अवलोकन करना, निर्धारित नियमों एवं संरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करना तथा किसी भी परिस्थिति में संरक्षा नियमों से समझौता नहीं करना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने ऑटोमेटिक सिग्नलिंग क्षेत्र में ट्रेन संचालन के दौरान विशेष सावधानी बरतने, सिग्नल के अनुरूप निर्धारित गति एवं नियमों का पालन करने तथा प्रत्येक परिस्थिति में सतर्क रहकर कार्य करने की हिदायत दी। साथ ही SPAD की घटनाओं के कारणों, उनसे जुड़े संभावित जोखिमों एवं ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के संबंध में भी रेल कर्मचारियों को विस्तार से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने ट्रेन मैनेजर, लोको पायलट, पॉइंट्समैन, शंटर एवं अन्य रनिंग स्टाफ से उनकी कार्य संबंधी समस्याओं एवं सुझावों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं को खुलकर साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
संरक्षा संवाद में अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेंद्र सिंह चौधरी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अजय सिंह सेंगर सहित रेलवे के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
