पार्षद चुनाव से पहले बीकानेर पहुंचे CM भजनलाल शर्मा, बोले—‘विकसित बीकानेर के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार जरूरी’

Blog
Spread the love
https://https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2026/05/WhatsApp-Image-2026-05-30-at-2.27.10-PM-1.jpeghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.png

 

बीकानेर। पार्षद चुनाव से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बीकानेर का दौरा कर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी माहौल को गरमा दिया। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के ढाई साल के कार्यकाल और विकास कार्यों का उल्लेख किया और जनता से निकाय चुनाव में भाजपा को मजबूत करने की अपील की।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने संकल्प पत्र में किए गए वादों में से 78 प्रतिशत काम ढाई साल में पूरा किया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए और दावा किया कि पेपर लीक मामलों में करीब 600 लोगों को जेल भेजा गया है।

 

पानी और आधारभूत सुविधाओं को लेकर भजनलाल शर्मा ने कहा कि लंबे समय से लंबित योजनाओं पर उनकी सरकार काम कर रही है। उन्होंने इंदिरा गांधी नहर के जीर्णोद्धार के लिए 5,500 करोड़ रुपये के काम का जिक्र किया। साथ ही ईआरसीपी, यमुना और नर्मदा से जुड़ी परियोजनाओं को लेकर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

 

नगर निकायों के चुनावी संकल्प पत्र का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों में हेरिटेज भवनों, पर्यटन और धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार पर भी काम किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश में करीब 3,000 किलोमीटर सीवरेज लाइन के सुधार और जीर्णोद्धार की योजना का भी उल्लेख किया।

 

युवाओं को रोजगार देने के वादे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने सरकारी नौकरियों के क्षेत्र में अब तक 1.89 लाख नियुक्ति पत्र दिए हैं, जबकि बड़ी संख्या में अन्य भर्तियों की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।

 

बीकानेर की जनता को संबोधित करते हुए भजनलाल शर्मा ने कहा कि ‘विकसित बीकानेर के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार जरूरी है।’ उन्होंने कहा कि विकसित बीकानेर से विकसित राजस्थान और विकसित राजस्थान से विकसित भारत का लक्ष्य पूरा होगा।

 

मुख्यमंत्री के दौरे को निकाय चुनाव से पहले भाजपा के चुनावी अभियान के लिहाज से अहम माना जा रहा है। जनसभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।