वार्ड 29 में 60 प्रतिशत सड़कों का निर्माण, शेष कार्य पूरा करवाना प्राथमिकता: भंवरलाल साहू

बीकानेर राजस्थान
Spread the love
https://https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2026/05/WhatsApp-Image-2026-05-30-at-2.27.10-PM-1.jpeghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.png

 

 

अनुशासित वाणीन्यूज़ ,बीकानेर, 31अगस्त 26। गंगाशहर की चौधरी कॉलोनी स्थित वार्ड नंबर 29 से पार्षद पद के प्रत्याशी भंवरलाल साहू ने अपने पूर्व कार्यकाल में करवाए गए विकास कार्यों को जनता के सामने रखते हुए कहा कि वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अब उनका मुख्य लक्ष्य वार्ड में शेष 40 प्रतिशत कच्ची सड़कों का निर्माण करवाकर पूरे वार्ड को सड़क सुविधा से जोड़ना है।

 

भंवरलाल साहू ने बताया कि पूर्व कार्यकाल के दौरान वार्ड की कई सड़कें सीवरेज लाइन डालने के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थीं, जिन्हें बाद में दोबारा बनवाने के लिए प्रयास किए गए। नगर निगम, UIT, विधायक कोटे, PWD तथा सांसद कोटे से करीब 60 प्रतिशत सड़कों का निर्माण करवाया गया है। उन्होंने बताया कि शेष 40 प्रतिशत सड़कों का कार्य पूरा करवाना उनकी प्राथमिकता है।

 

उन्होंने बताया कि वार्ड में पेयजल की समस्या को देखते हुए वसंत कुंज कॉलोनी में 18 लाख लीटर क्षमता की नई पानी की टंकी बनवाई गई। इसके अलावा क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए गंगाशहर जाकर लंबी कतारों में न लगना पड़े, इसके लिए वार्ड में आयुष्मान आरोग्य मंदिर (जनता क्लिनिक) खुलवाया गया।

 

साहू ने कहा कि वार्ड में पहले कोई सरकारी स्कूल नहीं था। इसके लिए प्रयास कर सरकारी स्कूल शुरू करवाया गया। स्कूल के लिए सरकारी भवन उपलब्ध होने से पहले उन्होंने अपने घर में ही दो वर्षों तक निशुल्क और बिना किराये के स्कूल संचालित करने के लिए स्थान उपलब्ध करवाया। वर्तमान में स्कूल सरकारी भवन में संचालित हो रहा है।

 

उन्होंने बताया कि वार्ड में बड़ी संख्या में पशुधन होने के कारण पशु चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता थी। सरकार के समक्ष मांग रखकर पशु अस्पताल खुलवाया गया, जो वर्तमान में सरकारी भवन में संचालित हो रहा है।

 

इसके अलावा वार्ड में पहले केवल एक आंगनबाड़ी केंद्र था। बड़े क्षेत्र को देखते हुए एक और आंगनबाड़ी केंद्र खुलवाने का प्रयास किया गया। भवन उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने अपने घर के एक कमरे में निशुल्क आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन के लिए स्थान उपलब्ध करवाया, जो करीब एक वर्ष से संचालित है।

 

शेष 40 प्रतिशत सड़कें पूरी करवाना लक्ष्य

 

भंवरलाल साहू ने कहा कि वार्ड में काफी सड़कें पहले बनवाई जा चुकी हैं। कुछ सड़कों का डामरीकरण बारिश के कारण बाकी रह गया था, जिसका कार्य वर्तमान में विधायक कोटे से वार्ड में चल रहा है। उन्होंने कहा कि वार्ड की शेष कच्ची गलियों और सड़कों का निर्माण करवाकर विकास कार्यों को पूरा करना उनका मुख्य लक्ष्य है।

 

जनता से समर्थन की अपील

 

वार्डवासियों से अपील करते हुए साहू ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद और विश्वास है कि जनता उन्हें अच्छे मतों से विजयी बनाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जनता ने उन्हें एक बार फिर अवसर दिया तो वार्ड में जो विकास कार्य बाकी हैं, उन्हें प्राथमिकता से पूरा करवाया जाएगा।

 

उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी के चुनाव चिन्ह को लेकर उन्हें निर्देश मिले हैं और जल्द ही पार्टी की ओर से चुनाव चिन्ह मिलने की सूचना दी गई है।