विधिक जागरूकता शिविर में विद्यार्थियों को दी गुड टच-बैड टच की जानकारी

बीकानेर राजस्थान
Spread the love
https://https://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2026/05/WhatsApp-Image-2026-05-30-at-2.27.10-PM-1.jpeghttps://anushasitvani.com/wp-content/uploads/2024/06/20240619_101620.png

 

 

नशा मुक्ति एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति भी किया जागरूक

 

बीकानेर, 4 अगस्त। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीनासर में मंगलवार को गुड टच-बैड टच विषय पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-1  मनीष शर्मा ने विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान, उससे संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की जानकारी दी। उन्होंने संविधान में वर्णित मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

 

शिक्षिका सरोज शर्मा ने गुड टच-बैड टच विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए बच्चों को किसी भी असहज स्थिति में बिना संकोच अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को तुरंत सूचित करने का संदेश दिया।

 

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. करनीदान कच्छवाह द्वारा संचालित “नशे को ना कहिए” जनजागरण अभियान के अंतर्गत आयोजित हस्ताक्षर अभियान में मुख्य अतिथि  मनीष शर्मा सहित उपस्थित अतिथियों ने भाग लेकर अभियान का समर्थन किया। इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा जागरूकता के माध्यम से ही इस चुनौती का प्रभावी समाधान संभव है।

 

शिविर के दौरान ललित कुमार, कांता रानी, संगीता शर्मा एवं तोलाराम मेघवाल ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. करनीदान कच्छवाह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे विधिक जागरूकता शिविर विद्यार्थियों में जागरूकता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

कार्यक्रम के सफल आयोजन में रेणु बाला, तनीषा, विपिन गौड़, सुनील कुमार सहित विद्यालय परिवार का सक्रिय सहयोग रहा।