राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लें ग्रामीण, ‘ग्राम’ में भागीदारी निभाएं किसान और पशुपालक : श्री गजेंद्र सिंह खींवसर, चिकित्सा मंत्री

बीकानेर, 12 मई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने मंगलवार को नोखा के मुकाम और धुपालिया में ग्राम रथ अभियान का निरीक्षण किया तथा संध्या चौपाल में भागीदारी निभाई।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं, किसानों और युवाओं सहित प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं दी हैं। इस शृंखला में प्रदेश में भी मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जन-जन के कल्याण की प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी सभी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में 27 अप्रैल से 17 मई तक ग्राम रथ अभियान चलाया जा रहा है।
चिकित्सा मंत्री श्री गजेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर जयपुर से 23 से 25 मई तक ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट ‘ग्राम-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रदेशभर के किसान भागीदारी निभाएंगे। उन्होंने आह्वान किया कि मुकाम और धुपालिया के किसान भी इसमें भाग लें और देश एवं दुनिया की नई कृषि तकनीकों की जानकारी लें। उन्होंने कहा कि रथों के साथ राज्य सरकार की योजनाओं का साहित्य वितरित किया जा रहा है, वहीं कला जत्थों के माध्यम से भी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। रथ के साथ सुझाव पेटिका भी रखी गई है। ग्रामवासी अपने सुझाव दें, यह उच्च स्तर तक जाएंगे और क्षेत्र के विकास में अपनी भागीदार बनेंगे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने दो वर्षों में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, सड़क सुदृढ़ीकरण क्षेत्र में नई इबारत लिखी गई है। उन्होंने कहा कि जल्दी ही किसानों को दिन में विद्युत सप्लाई हो सकेगी। इस दौरान उन्होंने किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं के बारे में बताया। प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी दी। आमजन की समस्याएं सुनी और उनके निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही लाभार्थियों को पोषण किट का वितरण किया।
चिकित्सा मंत्री एवं प्रभारी मंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में दूसरा सबसे ज्यादा होने कैंसर है। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए सरकार द्वारा राजस्थान की बेटियों को एचपीवी वैक्सीन रूप में बड़ी सौगात दी गई है। उन्होंने कहा कि चौदह से पंद्रह वर्ष आयु वर्ग की एक भी बालिका इससे वंचित नहीं रहे।
पूर्व विधायक श्री बिहारी लाल बिश्नोई ने कहा कि यह रथ मुख्यमंत्री का संदेश लेकर आमजन के बीच पहुंच रहे हैं। ग्रामीण अधिक से अधिक संख्या में इन तक आएं और सरकारी योजनाओं की जानकारी लें। उन्होंने कहा कि अन्नदाता समृद्ध होंगे तो प्रदेश खुशहाल होगा। इसी उद्देश्य से साथ ग्राम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें किसान छोटी जोत और कम पानी में अधिक पैदावार लेने की नई तकनीकों की जानकारी लेंगे। उन्होंने कहा कि ग्राम में किसानों को देश और दुनिया की नई तकनीकों की जानकारी मिलेगी।
श्री बिश्नोई ने कहा कि गुरु जंभेश्वर भगवान ने जीवों पर दया, प्रकृति संरक्षण और अहिंसा का संदेश दिया। श्री बिश्नोई ने महाराजा गंगासिंह को दूरदर्शी बताया और कहा कि उन्होंने पीबीएम और गंगनहर जैसी सौगातें दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने गंगनहर के सौ वर्ष पूर्ण होने पर नहरों के सुदृढ़ीकरण के लिए पांच हजार करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं।
इस दौरान जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, श्री कुंभ नाथ सिद्ध, श्री युधिष्ठिर सिंह भाटी, उपखंड अधिकारी श्री गोपाल जांगिड़, उद्यान विभाग के सहायक निदेशक श्री मुकेश गहलोत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध, विकास अधिकारी श्री भोम सिंह इंदा, तहसीलदार श्री चंद्र शेखर टाक, सहायक विकास अधिकारी श्री राजेश व्यास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
