
खाजूवाला/बीकानेर, 11 मई। खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में पेयजल संकट, अघोषित बिजली कटौती, सिंचाई समस्याओं, भूमि आवंटन निरस्तीकरण, बढ़ती बेरोजगारी और क्षेत्र में फैलते नशे के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग बीकानेर देहात के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
जाट धर्मशाला खाजूवाला में आयोजित बैठक के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने विशाल जुलूस निकालते हुए खाजूवाला उपखंड कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिलाध्यक्ष सत्तू खान पड़िहार के नेतृत्व में सौंपा गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में पंचायत स्तर पर कार्ययोजना बनाकर पेयजल, बिजली, सिंचाई एवं ग्रामीण समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पेयजल डिग्गियों की स्थिति अत्यंत खराब है, किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही और बार-बार अघोषित बिजली कटौती से आमजन एवं किसानों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
कांग्रेस ने किसानों की सिंचाई डिग्गियों का लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने, स्मॉल पैच एवं मीडियम पैच आवंटन खोलने, भूमिहीन एवं विशेष श्रेणी के किसानों के आवंटन निरस्तीकरण पर रोक लगाने तथा किसानों के हितों की रक्षा करने की मांग की। साथ ही आरोप लगाया गया कि गरीब किसानों के आवंटन रद्द कर सोलर कंपनियों को लाभ पहुंचाने की कोशिश हो रही है।
ज्ञापन में लंबे समय से बंद पड़ी नरेगा (वी-बीजी रामजी) योजना को पुनः शुरू करने, ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध करवाने तथा गांवों में फैल रहे नशे के कारोबार पर कठोर कार्रवाई की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
जिलाध्यक्ष सत्तू खान पड़िहार ने कहा कि खाजूवाला क्षेत्र आज बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है और यदि सरकार ने शीघ्र समाधान नहीं किया तो किसान और आमजन बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान और जनता की आवाज को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल राजनीति नहीं बल्कि आमजन के अधिकारों, विकास और संघर्ष की आवाज बनना है।
सियाग ने कहा, “जनता का विश्वास, कार्यकर्ताओं की मेहनत और कांग्रेस की विचारधारा ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”
इस दौरान मदन गोपाल मेघवाल, मोडाराम मेघवाल, प्रीति मेघवाल, नोपाराम जाखड़, श्रीकृष्ण गोदारा, हेमंत सिंह यादव, मदन गोदारा, पुनमचंद भाम्भू, रविंद्र कस्वां, सदाम हुसैन, रघुवीर सिंह ताखड़, मोहम्मद शाबीर, एडवोकेट सलीम खान, करण पुनिया, याकूब अली ब्लोच, राजपाल कुलहरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्रीय समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
