जयपुर, आबू पर्वत (सिरोही) एवं बांसवाड़ा में आयोजित किए जाएंगे खेल प्रशिक्षण शिविर
बीकानेर, 4 मई। राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद द्वारा 66वें केंद्रीय आवासीय खेल प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन आगामी जून माह में किया जाएगा। जिला खेल अधिकारी श्री सुरेन्द्र हर्ष ने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करना है, जिससे उनके खेल कौशल में निखार आए और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर मिल सकें। खिलाड़ियों की आयु 30 जून 2026 को न्यूनतम 14 वर्ष एवं अधिकतम 17 वर्ष निर्धारित की गई है।
जिला खेल अधिकारी हर्ष ने बताया कि ये प्रशिक्षण शिविर तीन प्रमुख केंद्रों—जयपुर, आबू पर्वत (सिरोही) एवं बांसवाड़ा—पर आयोजित किए जाएंगे। आबू पर्वत में हैंडबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, तीरंदाजी एवं बॉक्सिंग खेलों में बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जयपुर में फुटबॉल, क्रिकेट, जिम्नास्टिक, जूडो, हॉकी, कुश्ती, कबड्डी एवं साइक्लिंग में दोनों वर्गों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा, जबकि भारोत्तोलन एवं खो-खो केवल बालक वर्ग के लिए निर्धारित हैं।
श्री हर्ष ने बताया कि बांसवाड़ा में जनजातीय वर्ग के खिलाड़ियों हेतु विशेष आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें वॉलीबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, कबड्डी, हॉकी, खो-खो, फुटबॉल एवं हैंडबॉल में बालक एवं बालिका वर्ग तथा बास्केटबॉल में केवल बालक वर्ग को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी आवेदन पत्र पूर्ण कर जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र, डॉ. करणी सिंह स्टेडियम, बीकानेर में जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ खेल प्रमाण पत्र एवं आयु प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदन पत्र राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.rssc.in से डाउनलोड किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र, बीकानेर से संपर्क किया जा सकता है।
